रक्षक ही निकले 'डीजल चोर'! बरेली में डायल-112 की गाड़ी से तेल का खेल, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। थाना शाही में तैनात डायल-112 की पीआरवी गाड़ी से डीजल की चोरी और अनियमितता के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला।

रक्षक ही निकले 'डीजल चोर'! बरेली में डायल-112 की गाड़ी से तेल का खेल, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
जनवार्ता लाइव।

जब रक्षक ही बन गए 'तेल के खेल' के खिलाड़ी: बरेली में डायल-112 के पुलिसकर्मी सस्पेंड

जनवार्ता लाइव 

बरेली:

अगर कानून के रखवाले ही सेंधमारी पर उतर आएं, तो जनता आखिर किस पर भरोसा करे?" उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जनता की सुरक्षा में 24 घंटे तैनात रहने वाली 'डायल-112' की सरकारी गाड़ी को ही पुलिसकर्मियों ने अपनी कमाई का जरिया बना लिया।

मामला बरेली के थाना शाही का है। यहाँ डायल-112 की गाड़ी संख्या 6854 पर तैनात पुलिसकर्मी गश्त करने और अपराधियों को पकड़ने के बजाय, पेट्रोल पंप वालों से साठगांठ करके सरकारी तेल का 'खेल' रच रहे थे।

शिकायत पर खुला राज

गत 19 सितंबर को एक जागरूक नागरिक की सूचना पर जब इस 'डीजल घोटाले' का खुलासा हुआ, तो महकमे में हड़कंप मच गया। आरोप हैं कि गाड़ी पर नियुक्त हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार और कांस्टेबल मोन्टी कुमार पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मिलकर सरकारी संसाधन का भारी दुरुपयोग कर रहे थे और खाकी की छवि पर बट्टा लगा रहे थे।

कप्तान का कड़ा एक्शन

मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), बरेली ने त्वरित और सख्त रुख अपनाया:

तत्काल निलंबन: खाकी की साख को बट्टा लगाने वाले दोनों पुलिसकर्मियों—हे0का0 ब्रजेश कुमार और का0 मोन्टी कुमार—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

विभागीय जांच शुरू: दोनों के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है।

होमगार्ड पर भी गाज: प्रकरण में शामिल होमगार्ड मुकेश शर्मा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए जिला कमान्डेंट (होमगार्ड) को पत्र भेजा गया है।

सरकारी संसाधनों पर डाका डालने वाले इन 'खाकीधारियों' पर हुई इस सख्त कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि महकमे में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लेकिन इस घटना ने स्थानीय जनता के मन में यह सवाल जरूर छोड़ दिया है कि अगर डायल-112 का तेल ही चोरी होने लगे, तो जनता की सुरक्षा की गाड़ी आगे कैसे बढ़ेगी?