Bareilly Junction: बरेली जंक्शन पर बदइंतजामी का बोलबाला! बैरिकेडिंग से जाम, टिकट खिड़की पर अभद्रता से यात्रियों में भारी नाराजगी
बरेली जंक्शन पर अव्यवस्था का माहौल है। मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग से दिनभर जाम लग रहा है, वहीं टिकट खिड़कियों पर कर्मचारियों के कथित रूखे व्यवहार और मनमानी से यात्री बेहद परेशान हैं।
बरेली जंक्शन पर बदइंतजामी का बोलबाला! बैरिकेडिंग से जाम, टिकट खिड़की पर अभद्रता से यात्रियों में भारी नाराजगी
जनवार्ता लाइव
बरेली ।
उत्तर रेलवे का प्रमुख स्टेशन बरेली जंक्शन इन दिनों यात्री सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि अपनी बदइंतजामी और कर्मचारियों के कथित अड़ियल रवैये को लेकर सुर्खियों में है। स्टेशन पहुंचने से लेकर टिकट काउंटर तक यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिकेडिंग बनी जी का जंजाल, दिनभर लग रहा जाम स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाई गई बैरिकेडिंग से ट्रैफिक व्यवस्था सुधरने के बजाय पूरी तरह बिगड़ गई है। स्टेशन परिसर के बाहर दिनभर लंबा जाम लगा रहता है, जिससे यात्री, ई-रिक्शा चालक और स्थानीय लोग परेशान हो रहे हैं। आरोप है कि जाम से निपटने के बजाय वहां तैनात कर्मचारी यात्रियों से बदसलूकी पर आमादा रहते हैं।
टिकट खिड़की पर मनमानी, 'जो करना है कर लो' का रवैया समस्या सिर्फ बाहर तक सीमित नहीं है, टिकट काउंटर पर भी स्थिति काफी खराब है। यात्रियों का कहना है कि जानकारी मांगने पर काउंटर कर्मचारी फटकार देते हैं। शिकायत करने की बात कहने पर कर्मचारी बेखौफ होकर कहते हैं कि "हम किसी को नहीं जानते, जो करना है कर लो।" ऐसा रवैया साफ दिखाता है कि कर्मचारियों में प्रशासनिक डर खत्म हो चुका है।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की दबंगई से रेलवे की छवि धूमिल हो रही है। अब जनता सीधा सवाल कर रही है कि आखिर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी चुप क्यों हैं? क्या प्रशासन की यह खामोशी ही कर्मचारियों को बढ़ावा दे रही है? यात्रियों ने रेल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और ट्रैफिक व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।