खबर का बड़ा असर: जनवार्ता लाइव की मुहिम रंग लाई, शराब दुकानों की मनमानी पर डीएम अविनाश सिंह का चला 'चाबुक'!
बरेली के मणिनाथ और सुभाषनगर में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और समय से पहले बिक्री के मुद्दे को जनवार्ता लाइव ने प्रमुखता से उठाया था। खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम अविनाश सिंह ने आबकारी विभाग को फील्ड में उतरने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
जनवार्ता लाइव
ऋषभ मिश्रा, बरेली।
पत्रकारिता का असली मकसद तब पूरा होता है जब जनता के मुद्दों पर उठी आवाज सीधे शासन-प्रशासन के गलियारों तक पहुंचे और जिम्मेदार तंत्र हरकत में आ जाए। बीते दिन 'जनवार्ता लाइव' ने बरेली के मणिनाथ और सुभाषनगर इलाके में शराब दुकानों की ओवररेटिंग और तय समय से पहले शराब बिक्री के खेल को प्रमुखता से उजागर किया था। खबर चलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया और आखिरकार जनवार्ता लाइव की इस मुहिम का बड़ा असर देखने को मिला है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और अपनी कार्यकुशलता व त्वरित एक्शन का परिचय दिया। डीएम साहब ने बिना देर किए कैंप कार्यालय में आबकारी विभाग के अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई और लापरवाह अफसरों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने सख्त शब्दों में दो टूक निर्देश दिए कि जिले में शराब की ओवररेटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी दुकान पर निर्धारित मूल्य से एक रुपया भी ज्यादा वसूला गया, तो सीधे विक्रेता और दुकान संचालक पर कठोर कानूनी गाज गिरेगी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह की इस जनहितैषी पहल और त्वरित कार्रवाई की चारों तरफ सराहना हो रही है। उन्होंने न केवल अधिकारियों को रोजाना मैदान में उतरकर आकस्मिक निरीक्षण करने के आदेश दिए, बल्कि आम जनता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0581-2422202 भी जारी करवाया, ताकि लोग बिना डर के पहचान गोपनीय रखकर शिकायत दर्ज करा सकें। डीएम के इस कड़े रुख से जहां ओवररेटिंग करने वाले माफियाओं में हड़कंप मचा है, वहीं बरेली की जनता ने जनवार्ता लाइव की निडर पत्रकारिता और डीएम साहब के त्वरित एक्शन की जमकर तारीफ की है।