रेलवे कर्मचारियों की 16 मांगों को लेकर NERMC आक्रामक: पारदर्शी परीक्षाएं, HRMS और PVC पहचान-पत्र की उठी मांग
एन. ई. रेलवे मेन्स कांग्रेस (NERMC) ने कर्मचारियों की 16 अहम समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ हुंकार भरी है। विभागीय परीक्षाओं में पारदर्शिता, पदोन्नति, नर्सिंग भत्ता और PVC पहचान-पत्र जैसी मांगों को लेकर मुख्य कार्मिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
रेलवे कर्मचारियों की 16 मांगों को लेकर NERMC का मोर्चा: पारदर्शिता, पदोन्नति और PVC पहचान-पत्र की पुरजोर मांग
जनवार्ता लाइव
बरेली।
पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारियों के अधिकारों और लंबित सुविधाओं को लेकर एन. ई. रेलवे मेन्स कांग्रेस (NERMC) ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। इज्जतनगर मंडल में संगठन ने कर्मचारियों से जुड़े 16 महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों को लेकर मुख्य कार्मिक अधिकारी (गोरखपुर) के समक्ष अपनी मांगें प्रमुखता से रखी हैं।
मंडल मंत्री रजनीश तिवारी के नेतृत्व में भेजे गए इस ज्ञापन में प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा गया है कि विभिन्न विभागों में लंबे समय से अटके मामलों के कारण कर्मचारियों को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ रही है। संगठन ने मांग की है कि सभी 16 प्रकरणों का निस्तारण नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
इन 16 प्रमुख मांगों पर केंद्रित रहा ज्ञापन:
परीक्षाओं में पारदर्शिता और उत्तर कुंजी: विभागीय परीक्षाओं में धांधली और भ्रम की स्थिति खत्म करने के लिए उत्तर कुंजी और प्राप्तांक सार्वजनिक करने के बाद ही चयन सूची जारी करने की मांग की गई है। साथ ही आपत्तियों के बाद संशोधित उत्तर कुंजी जारी करने की व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।
APAR अंकों की स्पष्टता: चयन सूची में परीक्षा के साथ APAR (अपेज़ल) अंकों का वेटेज किस प्रकार जुड़ेगा, इसकी जानकारी नोटिफिकेशन में ही देने की मांग उठी।
जूनियर इंजीनियर (पी-वे) रिजल्ट: इज्जतनगर मंडल में आयोजित जेईई/पी-वे परीक्षा का परिणाम और अंतिम चयन सूची तुरंत घोषित करने को कहा गया।
समयबद्ध ट्रांसफर और HRMS निस्तारण: मास्टर सर्कुलर-24 और RBE 08/2019 के तहत म्यूचुअल व ओन-रिक्वेस्ट ट्रांसफर के आवेदनों के निस्तारण में पारदर्शिता की मांग की गई। इसके अलावा HRMS और Legacy Data (XRSMM) में तकनीकी खामियों को सुधारने पर जोर दिया गया।
पदोन्नति और वरिष्ठता सूची: प्वाइंट्समैन सहित अन्य संवर्गों की वरिष्ठता सूची की विसंगतियों को दूर कर लंबित प्रमोशन (ग्रेड पे 4200 से 4600 और 4600 से 4800) तुरंत पूरे करने की मांग की गई।
नर्सिंग स्टाफ और पदनाम सुधार: पात्र नर्सिंग स्टाफ को B.Sc. नर्सिंग भत्ता देने व GP-6600 का प्रमोशन लाभ देने के साथ-साथ HKA और ट्रेसर कर्मचारियों के पे-रोल में पदनाम की गड़बड़ी सुधारने की बात कही गई।
आधुनिक PVC पहचान-पत्र: मंडल और कारखाने के सभी कर्मचारियों व सुपरवाइजरों को मजबूत PVC शीट वाले नए आई-कार्ड जारी करने का सुझाव दिया गया।
मंडल मंत्री रजनीश तिवारी और अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि संगठन कर्मचारियों के हक की लड़ाई तथ्यात्मक और नियमसम्मत तरीके से लड़ता रहेगा। इस दौरान मोहित भदौरिया, विलियम रिचर्ड, प्रमोद यादव, संतोष भंडारी, दीपक कुमार और सोनू कुमार समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।