पूर्वोत्तर रेलवे जीएम का मैराथन दौरा: गेटमैन का लिया 'लाइव टेस्ट', ट्रैकमैनों को दी ट्रैक पर 'नो मोबाइल-नो ईयरफोन' की सख्त हिदायत

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने डीआरएम वीणा सिन्हा और एडीआरएम मनोज कुमार के साथ इज्जतनगर मंडल का सघन संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का जायजा लिया और उत्कृष्ट कार्य के लिए आरपीएफ और इंजीनियरिंग विभाग को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

पूर्वोत्तर रेलवे जीएम का मैराथन दौरा: गेटमैन का लिया 'लाइव टेस्ट', ट्रैकमैनों को दी ट्रैक पर 'नो मोबाइल-नो ईयरफोन' की सख्त हिदायत
जनवार्ता लाइव
पूर्वोत्तर रेलवे जीएम का मैराथन दौरा: गेटमैन का लिया 'लाइव टेस्ट', ट्रैकमैनों को दी ट्रैक पर 'नो मोबाइल-नो ईयरफोन' की सख्त हिदायत

जनवार्ता लाइव

बरेली।

पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने आज इज्जतनगर मंडल में संरक्षा व्यवस्थाओं और रेल विकास परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस अहम दौरे में उनके साथ इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार और अन्य शाखा अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने इज्जतनगर-माला रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल पथ और परिचालन का जायजा लिया, साथ ही 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।

स्टेशनों का किया कायाकल्प निरीक्षण

महाप्रबंधक ने बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 5 और 6 के यार्ड एवं सर्कुलेटिंग एरिया के पुनर्विकास कार्यों को परखा। इसके बाद उन्होंने बरेली सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर टिकट काउंटर, आरक्षण कक्ष और प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन का निरीक्षण किया। हार्टमैन पुल के पास समपार संख्या 244 पर निर्माणाधीन अंडरपास के कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जब जीएम ने लिया गेटमैन सुनील का 'लाइव टेस्ट'

निरीक्षण का सबसे दिलचस्प पहलू इज्जतनगर कत्था फैक्ट्री के समीप समपार फाटक संख्या 236 पर देखने को मिला। यहाँ जीएम श्री बोरवणकर ने गेटमैन श्री सुनील कुमार से संरक्षा से जुड़े सवाल दागे। उन्होंने बूम बैरियर खराब होने जैसी आपात स्थिति में काम करने की कार्यप्रणाली का सीधा प्रदर्शन (लाइव डेमो) देखा। गेटमैन सुनील कुमार द्वारा स्लाइडर बूम का सफल और त्वरित संचालन किए जाने पर जीएम ने उनकी काफी सराहना की और स्लाइडर को हमेशा चिकनाईयुक्त (लुब्रिकेटेड) रखने के निर्देश दिए।

आरपीएफ बैरक में दिए महिला पुलिसकर्मियों के लिए अलग व्यवस्था के निर्देश

महाप्रबंधक ने आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) रिजर्व लाइन, इज्जतनगर में बैरकों, आवासीय कक्षों, श्वान दस्ते और केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार का मुआयना किया। उन्होंने स्वच्छता में सुधार, गंदे पानी की उचित निकासी और महिला आरक्षियों के लिए अलग बैरक की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जीएम श्री बोरवणकर और डीआरएम सुश्री वीणा सिन्हा ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

ट्रैकमैनों से सीधा संवाद: "ट्रैक पर रहें अलर्ट, न लगाएं ईयरफोन"

सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) कार्यालय के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रैकमैनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों के उपकरणों, नए सेफ्टी जूतों, स्क्रैप यार्ड और स्टोर की जांच की। ट्रैकमैनों की समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए जीएम ने स्पष्ट हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान ट्रैक पर काम करते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन का इस्तेमाल बिल्कुल न किया जाए।

काम से खुश होकर इनाम का ऐलान

कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य, संरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत अनुपालन और काम के प्रति समर्पण को देखते हुए महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने इंजीनियरिंग विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रिजर्व लाइन को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार देने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं और रेल संरक्षा के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।