लापरवाही का लाल फाटक: नगर निगम और PWD सोए, जनता की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस!

बरेली के लाल फाटक क्षेत्र में जलभराव से छलनी हुई सड़क पर हादसों को रोकने के लिए एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर पुलिस उतरी सड़क पर। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की लापरवाही पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश।

लापरवाही का लाल फाटक: नगर निगम और PWD सोए, जनता की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस!
जनवार्ता लाइव।

जनवरीय लाइव 

बरेली।

शहर के लाल फाटक क्षेत्र में जलभराव के कारण सड़क की बदहाली का आलम यह है कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर कदम पर खतरा मंडरा रहा है। कहने को तो सड़कों की मरम्मत और जल निकासी का जिम्मा सीधे तौर पर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग का है, लेकिन ये जिम्मेदार महकमे एसी कमरों में बैठकर कागजी खानापूर्ति करने में मस्त हैं। जब अफसरों की लापरवाही से हादसों का डर बढ़ा, तब यातायात पुलिस ने अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए मोर्चा संभाला और व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गई।

एसपी ट्रैफिक की पहल, सड़क पर उतरी पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब एसपी ट्रैफिक बरेली से वार्ता की गई, तो उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल एक्शन लिया। एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर यातायात पुलिस की एक विशेष टीम को तुरंत लाल फाटक क्षेत्र में मौके पर भेजा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और जानलेवा बने गड्ढों को चिह्नित किया। वाहन चालक किसी दुर्घटना का शिकार न हों, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने गड्ढों के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को सतर्क कर सुरक्षित रास्ता दिखाया।

विभाग सोते रहे, खाकी ने बचाई जान

लगातार बारिश और पानी के भराव से सड़क के कई हिस्से पूरी तरह छलनी हो चुके हैं। जिस काम के लिए नगर निगम और PWD के कर्मचारियों को सड़क पर होना चाहिए था, वहां यातायात पुलिस के जवान मुस्तैदी से खड़े नजर आए। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि फिलहाल बैरिकेडिंग से हादसों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर इन जानलेवा गड्ढों की मरम्मत भी कराई जाएगी।

कागजी बाजीगर बने अधिकारी, जनता में आक्रोश

उधर, स्थानीय निवासियों में नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग के ढुलमुल रवैये को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लाल फाटक क्षेत्र में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल फाइलों में विकास का ढिंढोरा पीट रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने यातायात पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की है कि लापरवाह विभागों की नींद तोड़ी जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के साथ क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल पक्की मरम्मत कराई जाए।