सावन में कांवड़ यात्रा के चलते बरेली-बदायूं मार्ग के स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित, बीएसए ने जारी किया आदेश

बरेली में सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा और भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बरेली-बदायूं मार्ग पर पड़ने वाले चार ब्लॉकों के परिषदीय विद्यालयों में प्रत्येक सोमवार को अवकाश रहेगा।

सावन में कांवड़ यात्रा के चलते बरेली-बदायूं मार्ग के स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित, बीएसए ने जारी किया आदेश
जनवार्ता लाइव

कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा फैसला: बरेली-बदायूं मार्ग के स्कूलों में प्रत्येक सोमवार को रहेगा अवकाश

यातायात जाम और सुरक्षा के मद्देनजर बीएसए विनीता ने जारी किया आदेश, चार ब्लॉकों के परिषदीय विद्यालयों पर लागू होगा नियम

जनवार्ता लाइव

बरेली। 

सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान उमड़ने वाली शिवभक्तों की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए बरेली प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के हित में बड़ा कदम उठाया है। बरेली-बदायूं मार्ग पर स्थित परिषदीय विद्यालयों में सावन माह के दौरान प्रत्येक सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विनीता द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, विभिन्न शिक्षक संगठनों के अनुरोध पर जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद यह निर्णय लिया गया है।

दरअसल, सावन में बड़ी संख्या में कांवड़िये कछला (जनपद बदायूं) से जल लेकर बरेली-बदायूं मार्ग से आवागमन करते हैं। प्रत्येक सोमवार को सड़क पर अत्यधिक भीड़, ट्रैफिक जाम, रूट डायवर्जन और निर्माण कार्यों के चलते किसी भी तरह की अनहोनी या अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।

जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद, रामनगर, मझगवां एवं क्यारा (प्रशासनिक आदेशानुसार) के अंतर्गत बरेली-बदायूं मार्ग पर पड़ने वाले परिषदीय विद्यालयों में सावन के दौरान हर सोमवार को छुट्टी रहेगी। बीएसए ने सभी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।