UP Politics: बरेली के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप का भाजपा से इस्तीफा, फेसबुक पोस्ट में लिखा- 'भीतरघातियों को मिला तवज्जो, पिछड़ों की उपेक्षा'

बरेली के 24 आंवला लोकसभा सीट से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर पत्र साझा कर भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के भीतरघातियों और पिछड़ों की उपेक्षा को इसकी वजह बताया है।

UP Politics: बरेली के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप का भाजपा से इस्तीफा, फेसबुक पोस्ट में लिखा- 'भीतरघातियों को मिला तवज्जो, पिछड़ों की उपेक्षा'
जनवार्ता लाइव।

जनवार्ता लाइव

बरेली।

उत्तर प्रदेश की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी के भीतर का घमासान एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। 24 आंवला लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। धर्मेंद्र कश्यप ने अपने त्यागपत्र को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस्तीफे की मुख्य वजह और आरोप:

धर्मेंद्र कश्यप ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को संबोधित अपने त्यागपत्र में पार्टी के अंदरूनी हालात पर तीखा असंतोष व्यक्त किया है। पत्र में लिखे मुख्य आरोप के मुताबिक भीतरघातियों को तवज्जो: लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने (भीतरघात), पार्टी के खिलाफ वोटिंग करने और संगठन को कमजोर करने वाले नेताओं को पार्टी में 'प्रथम पंक्ति' में स्थान दिया गया।

पिछड़ों की उपेक्षा: पिछड़े और अति-पिछड़े समाज को पार्टी में उचित स्थान और सम्मान नहीं मिल रहा है।

पूर्व सांसद ने पत्र में लिखा कि इन परिस्थितियों से आहत होकर वह भारी मन से भाजपा की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से अपना इस्तीफा दे रहे हैं और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट:

धर्मेंद्र कश्यप द्वारा फेसबुक पर शेयर किए गए इस पत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। खबर लिखे जाने तक इस पोस्ट पर हजारों लोगों की प्रतिक्रियाएं, सैकड़ों कमेंट्स और शेयर आ चुके हैं। स्थानीय राजनीति में इसे भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।