सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट्स को लगेगी रफ्तार, बीडीए वीसी आईएएस सौम्या पांडेय ने ग्राउंड जीरो पर संभाला मोर्चा
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) एक्शन मोड में है। उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप, महादेवपुरम और रुद्र वनम सहित कई अहम परियोजनाओं का निरीक्षण कर विकास कार्यों को गति दी।
जनवार्ता लाइव
बरेली।
मुख्यमंत्री के संभावित बरेली दौरे से पहले बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। नाथ नगरी के विकास को नए पंख लगाने और सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट्स को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए बीडीए की उपाध्यक्ष आईएएस सौम्या पांडेय ने खुद ग्राउंड जीरो पर मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ शहर की कई अहम परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण किया और लेटलतीफी करने वाले ठेकेदारों की मौके पर ही जमकर क्लास लगाई।
इंडस्ट्रियल टाउनशिप और महादेवपुरम पर खास फोकस
विकास कार्यों को रफ्तार देने निकलीं उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने सबसे पहले इंडस्ट्रियल टाउनशिप का जायजा लिया। बरेली में बड़े निवेश और रोजगार के दरवाजे खोलने के लिए उन्होंने इस टाउनशिप को सीधे 'गंगा एक्सप्रेसवे' से जोड़ने की संभावनाओं पर अधिकारियों संग गहन मंथन किया और जरूरी बदलाव के निर्देश दिए। इसके साथ ही, महादेवपुरम आवासीय योजना को और अधिक सुविधाजनक व सुव्यवस्थित बनाने का खाका खींचा।
रुद्र वनम पार्क बनेगा नाथ नगरी की पहचान
सीएम योगी की विशेष रुचि वाले 'रुद्र वनम पार्क' का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे भव्य और दिव्य रूप देने को कहा, जिससे यह योजना नाथ नगरी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान के रूप में उभर सके।
इन परियोजनाओं की भी हुई सघन मॉनिटरिंग
आईएएस सौम्या पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल, LIG व EWS आवास योजनाओं के साथ-साथ साइंस पार्क और बॉक्स विलेज का भी बारीकी से निरीक्षण किया। साइंस पार्क के काम में सुस्ती देखकर उन्होंने ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी और काम की 'डे-टू-डे' मॉनिटरिंग के सख्त निर्देश दिए।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ग्रेटर बरेली के निर्माणाधीन ओवरहेड वाटर टैंक, बीसलपुर रोड के नाले और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के काम में भी तेजी लाने को कहा गया है। वीसी ने स्पष्ट किया कि एसटीपी के ट्रीटेड वाटर का इस्तेमाल पार्कों और सिंचाई में किया जाए। इस व्यापक निरीक्षण का सीधा संदेश है कि बरेली के विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा में अब कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।