खेलों के कुंभ का आगाज: बरेली में 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ
स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली में 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 मंडलों, 3 स्पोर्ट्स कॉलेजों और केजीबीवी की टीमों के 900 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग।
खेलों के महाकुंभ का आगाज: बरेली में 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ
जनवार्ता लाइव
बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली का बैडमिंटन हॉल बृहस्पतिवार (24 सितंबर 2026) को उत्साह, उमंग और खेल भावना के अद्भुत रंगों से सरोबार हो उठा। अवसर था 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता के भव्य और रंगारंग शुभारंभ का।
इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 3 स्पोर्ट्स कॉलेजों तथा एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 900 बालक-बालिका खिलाड़ी तथा 200 टीम मैनेजर व कोच प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि आयुक्त बरेली मंडल शम्भू कुमार तथा विशिष्ट अतिथि सेवा निवृत्त शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश डॉ. महेन्द्र देव ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण करके किया।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा:
"बच्चे हमारे देश के कर्णधार हैं। सभी खिलाड़ी पूर्ण खेल भावना के साथ मैदान में उतरें। हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं, इसलिए नतीजे से परे हटकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ते रहें—सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी।"विशिष्ट अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा:प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित हों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करें।"
प्रतियोगिता की शुरुआत में अतिथियों का बुके भेंटकर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से शामिल रहे: रामाज्ञा कुमार संयुक्त शिक्षा निदेशक, डॉ. अजीत कुमार जिला विद्यालय निरीक्षक, ओम प्रकाश राय प्रधानाचार्य नईम अहमद,मंडलीय क्रीड़ा सचिव आदि शामिल रहे।
विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए,राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महावीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज, के. पी. आर. सी. कला केंद्र कन्या इंटर कॉलेज, के छात्रों ने मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी कान मोह लिया।
प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन और निरीक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर एवं इस प्रतियोगिता के फील्ड ऑफिसर श्री अजेन्द्र राय तथा बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अनिल मेहरोत्रा उपस्थित रहे।साथ ही आयोजन में अर्चना राजपूत , अनु पाराशरी , डॉ. राम श्री , दीपाली बुधोरिया , डॉ. हरिओम मिश्रा , कुसुम लता राजपूत , ममता कुमारी सहित कई प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के अभिलेख सत्यापन एवं प्रशासनिक व्यवस्था में रोहित सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त खेल शिक्षक व शिक्षिकाओं ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अवनीश कुमार यादव तथा मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने संयुक्त रूप से किया।